गौरेला मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल निर्माण पर विवाद, बिना सरिया काम होने का आरोप; भुगतान पर भी उठे सवाल


डेस्क खबर गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नया विवाद सामने आया है। वार्ड क्रमांक 15 के मुक्तिधाम में विधायक निधि से बनाई गई बाउंड्रीवॉल को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार सरिया का उपयोग नहीं किया गया, इसके बावजूद काम का मूल्यांकन कर ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया।
इस निर्माण कार्य को गणेश कंस्ट्रक्शन फर्म द्वारा कराए जाने की बात सामने आई है। उक्त फर्म पूर्व में ब्लैकलिस्ट किए जाने को लेकर भी चर्चा में रही है। अब मुक्तिधाम की बाउंड्रीवॉल को लेकर उठे सवालों ने एक बार फिर फर्म के कार्यों और नगर पालिका की निगरानी व्यवस्था को चर्चा में ला दिया है।
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि दीवार का निर्माण बिना आवश्यक सरिया के कराया गया। यदि निर्माण में सरिया अनिवार्य था, तो उसकी अनुपस्थिति में कार्य को पूर्ण मानकर मूल्यांकन किस आधार पर किया गया? गुणवत्ता जांच करने वाले इंजीनियर की भूमिका और भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन, मौके पर हुए कार्य और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच किए जाने की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी निधि से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
अब नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इस मामले में क्या स्पष्टीकरण आता है और आरोपों की जांच कराई जाती है या नहीं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
