पुलिस की दबिश से पहले ही फरार हो जाता था शोएब ढेबर..खाकी के भीतर कौन कर रहा था मदद? शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ में निरीक्षक विनीत दुबे को आईजी ने किया निलंबित ..
गिरफ्तारी की गोपनीय योजना लीक होने के मामले में गिरी गाज


डेस्क खबर रायपुर../ फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बदी नारायण मीणा ने निलंबन आदेश जारी किया है। तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़े मामले में निरीक्षक का संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।जानकारी के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर विभागीय कार्रवाई की गई है। निरीक्षक विनीत दुबे पर फरार शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ और उससे जुड़े मामले में संदिग्ध भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। इसी के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें निलंबित करने का फैसला लिया।
इस पूरे मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि इससे पहले शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई पुलिस की योजना लीक होने का मामला सामने आ चुका है। बताया जाता है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए खम्हारडीह इलाके में दबिश देने की तैयारी की थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इससे पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी पहले ही बाहर पहुंचने की आशंका जताई गई थी।

गोपनीय सूचना लीक होने के मामले में ACCU के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे पर हुई कार्रवाई ने इस पूरे प्रकरण को और गंभीर बना दिया है। एक के बाद एक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है
इस घटनाक्रम ने पुलिस विभाग के भीतर गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी की रणनीति की जानकारी आरोपी तक कैसे पहुंची? क्या विभाग के भीतर से ही कोई गोपनीय जानकारी बाहर पहुंचा रहा था? फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिशों के बीच पुलिस की योजना लीक होने से किसे फायदा मिला? फिलहाल निरीक्षक विनीत दुबे का निलंबन इस पूरे मामले में एक बड़ी विभागीय कार्रवाई माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच में कथित सांठगांठ और गोपनीय सूचना लीक होने के मामले में आगे किन-किन लोगों की भूमिका सामने आती है और विभाग की कार्रवाई कहां तक पहुंचती है।
