वाड्रफनगर में तीन दिवसीय द्वितीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का सफल आयोजन


डेस्क खबर वाड्रफनगर../ भारत स्काउट एवं गाइड्स के तत्वावधान एवं जिला शिक्षाअधिकारी श्री एन के निरापुरे जिला बलरामपुर रामानुजगंज के निर्देशन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वाड्रफनगर में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय द्वितीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से कुल 200 स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिसमें 119 स्काउट एवं 81 गाइड शामिल रहे।
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री श्याम किशोर जायसवाल जी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण में सहभागी सभी 200 स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

संपूर्ण शिविर का सफल संचालन शिविर संचालक श्री आशीष कुमार पटेल के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षक मंडल में श्री निशांत कुमार पटेल, डॉ. भरत कुमार गुप्ता, श्रीमती अमृता राजेश्वरी खलखो, श्रीमती फूलसुंदरी कुजूर एवं श्री कुशल नेताम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह में जिला सचिव स्काउट-गाइड श्री अंबेश्वर राम एवं पूर्व एपीएस श्री विनोद कुमार पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा शिविर के दौरान सीखी गई स्काउटिंग गतिविधियों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में स्काउट-गाइड पाठ्यक्रम के अंतर्गत नियम एवं प्रतिज्ञा, प्राथमिक चिकित्सा, गांठें एवं बंधन, दिशा ज्ञान, शिविर कला, अनुशासन, सेवा कार्य तथा अन्य आवश्यक गतिविधियों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को इन गतिविधियों का ज्ञान इस उद्देश्य से प्रदान किया कि वे सीखी गई बातों का उपयोग अपने दैनिक जीवन में कर सकें तथा एक जिम्मेदार, अनुशासित एवं सेवाभावी नागरिक बन सकें।
इस प्रकार तीन दिवसीय प्रशिक्षण एवं जांच शिविर उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
