डेस्क खबर

सीपत की सड़कों पर अतिक्रमण का कब्जा, जाम बन रहा जानलेवा! आखिर कब जागेगा परिवहन और पुलिस विभाग? NTPC और कोल वाशरी के भारी वाहनों से  रोज जाम में फंस रही जनता..



डेस्क खबर बिलासपुर./ जिले के सीपत में सड़क पर चलना अब किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। यहां की सड़कों पर अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और यात्री वाहनों की मनमानी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नवाडीह चौक से लेकर मुख्य मार्ग और बस स्टैंड तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी जाम से जूझना पड़ता है। सबसे गंभीर बात यह है कि सड़क पर फैली अव्यवस्था दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है और निर्दोष लोगों की जान पर बन आती है।
सीपत तहसील मुख्यालय होने के कारण यहां आसपास के 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में बसे गांवों के लोग बाजार, इलाज, पढ़ाई और अन्य जरूरी कामों के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा NTPC प्लांट और कोल वाशरी की वजह से भी कोरबा रोड, बिलासपुर रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। भारी वाहनों, बसों, ऑटो और चारपहिया वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।


सड़क पर दुकानें, पार्किंग के नाम पर मनमानी
मुख्य मार्ग पर कई दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर रखने की शिकायत है। वहीं कुछ लोग दुकानों के सामने और सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पहले से संकरी सड़क और संकरी हो जाती है। बाजार के दिनों में भीड़ बढ़ने के साथ जाम की समस्या विकराल हो जाती है। पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों तक को सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पाता। सीपत में यात्री बसों और ऑटो चालकों की मनमानी भी यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। आरोप है कि कई बस चालक निर्धारित बस स्टैंड का उपयोग करने के बजाय मुख्य चौक और सड़क पर ही वाहन रोककर यात्रियों को चढ़ाते-उतारते हैं। ऑटो और चारपहिया वाहन भी जगह-जगह खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। सवाल यह है कि जब बस स्टैंड की सुविधा मौजूद है, तो फिर मुख्य सड़क को ही बस स्टैंड क्यों बनाया जा रहा है?

पुलिस प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करता है, लेकिन कुछ समय बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। केवल कभी-कभार कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने, निर्धारित पार्किंग व्यवस्था लागू करने और यात्री वाहनों के लिए निश्चित स्थान तय करने की जरूरत है।

सीपत में बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस और नियमित कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं? सड़क पर जहां-तहां बस और ऑटो खड़े करने वालों पर सख्ती क्यों नहीं होती? दुकानों के सामने सड़क तक सामान फैलाने वालों पर स्थायी कार्रवाई कब होगी? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेंगे?
सीपत की जनता को जाम, अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात से मुक्ति चाहिए। सड़कें आम जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए हैं, किसी की निजी पार्किंग या दुकान बढ़ाने की जगह नहीं। परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय निकाय को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारनी होगी। क्योंकि सड़क पर कुछ लोगों की मनमानी की कीमत आम जनता अपनी जान जोखिम में डालकर नहीं चुका सकती।
स्थानीय निवासी की कलम से जनहित की खबर

error: Content is protected !!