डेस्क खबर

कोटमी में अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, अचानक पहुंची टीम तो वाहन छोड़ भागे खननकारी

रिपोर्ट : दीपक गुप्ता
डेस्क खबर | कोटमी। कोटमी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध मुरुम उत्खनन पर आखिरकार खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय टीम ने अचानक दबिश देकर मौके से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में खलबली मच गई।



जानकारी के अनुसार, कोटमी क्षेत्र में बिना अनुमति मुरुम निकालने की शिकायतें लगातार विभाग तक पहुंच रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां जेसीबी के जरिए जमीन की खुदाई की जा रही थी, जबकि ट्रैक्टरों में मुरुम भरकर उसका परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान विभागीय अधिकारियों को देखकर मौके पर मौजूद लोग अपने वाहन छोड़कर वहां से निकल गए।

खनिज विभाग की टीम ने मौके पर ही तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


गौरतलब है कि अनियंत्रित मुरुम उत्खनन से न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचता है, बल्कि आसपास के प्राकृतिक स्वरूप और ग्रामीण सड़कों पर भी इसका असर पड़ता है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।

error: Content is protected !!