डेस्क खबरबिलासपुर

पार्किंग की जगह पर सर्विसिंग सेंटर! मौसाजी स्वीट्स की मनमानी से सीपत मुख्य मार्ग पर जाम..




डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर के अरपा पार सरकंडा में स्थित मौसाजी स्वीट्स की पार्किंग में नियमों को दरकिनार कर बाइक सर्विसिंग सेंटर संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पार्किंग के लिए निर्धारित जगह का व्यावसायिक इस्तेमाल होने से सीपत मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यहां आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।


जानकारी के मुताबिक, भवन निर्माण के दौरान नीचे पार्किंग की जगह दर्शाई गई थी। इसी आधार पर नगर निगम ने भवन निर्माण की अनुमति जारी की थी। लेकिन अब पार्किंग स्थल पर बाइक की सर्विसिंग का काम किए जाने से भवन निर्माण की अनुमति और उसके वास्तविक इस्तेमाल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


निगम के अफसरों को जानकारी, फिर भी कार्रवाई का इंतजार
मामले की जानकारी नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर पार्किंग की जगह पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई से क्यों बच रहे हैं?


मौके पर पड़ताल के दौरान वहां काम कर रहे एक कर्मचारी ने पार्किंग स्थल पर बाइक सर्विसिंग सेंटर संचालित होने की बात स्वीकार की। कर्मचारी के मुताबिक, दीपावली के चलते होटल में भीड़ और कर्मचारियों की कमी के कारण फिलहाल कुछ दिनों के लिए सर्विसिंग सेंटर बंद किया गया है। त्योहार के बाद इसे फिर से ग्राहकों की सेवा के लिए शुरू किया जाएगा।


अब निगम की कार्रवाई पर नजर
पार्किंग स्थल का व्यावसायिक इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आने के बाद अब नगर निगम की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। क्या निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर भवन निर्माण की अनुमति और पार्किंग के वास्तविक इस्तेमाल की जांच करेंगे? क्या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी?
या फिर मुख्य मार्ग पर जाम और आम लोगों की परेशानी के बावजूद पार्किंग स्थल का व्यावसायिक इस्तेमाल इसी तरह जारी रहेगा?
अब देखना होगा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हैं और सरकंडा के सीपत मुख्य मार्ग को जाम से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

error: Content is protected !!