

डेस्क खबर वाड्रफनगर../डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च प्रतियोगिता का सफल आयोजन साई सक्सेस कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर, वाड्रफनगर के माध्यम से किया गया। इस प्रतियोगिता में वाड्रफनगर ब्लॉक के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों से कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रतियोगिता को लेकर छात्रों में खासा जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को पहचानना, उन्हें आत्मविश्वास प्रदान करना तथा उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और ज्ञान का प्रदर्शन किया। परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया गया।
इस आयोजन की सराहना न केवल छात्रों बल्कि उनके अभिभावकों द्वारा भी की गई। अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों को आगे बढ़ने और अपने करियर को लेकर स्पष्ट दिशा देने में सहायक होती हैं।

साई सक्सेस कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर के संचालक एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सफल प्रतिभागियों को आगे की चयन प्रक्रिया, छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक अवसरों से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। आयोजन को क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।