डेस्क खबर

रुमगा में ट्रैक्टर चालकों से पैसे लेने का आरोप, हर फेरे पर 200 रुपये मांगने की शिकायत से ग्रामीणों में नाराजगी



डेस्क खबर | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के रुमगा इलाके में निर्माण सामग्री के परिवहन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों और ट्रैक्टर संचालकों ने आशीष पड़वार के खिलाफ पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रुमगा एवं कोलबीरा इलाके से रेत, मिट्टी सहित अन्य सामग्री लेकर गुजरने वाले ट्रैक्टरों से प्रत्येक चक्कर के एवज में 200 रुपये लिए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस रकम को दुर्रा शुल्क बताकर मांगा जाता है, लेकिन भुगतान करने के बाद वाहन चालकों को कोई आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जाता।


ट्रैक्टर संचालकों का कहना है कि इस तरह की वसूली से उनके रोजमर्रा के कारोबार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यदि संबंधित राशि किसी सरकारी नियम के तहत ली जा रही है, तो उसके लिए अधिकृत रसीद देना अनिवार्य होना चाहिए। बिना किसी प्रमाण के रकम वसूलने को लेकर उन्होंने सवाल खड़े किए हैं।



मामले को लेकर ग्रामीण अब प्रशासनिक स्तर पर आवाज उठाने की तैयारी में हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कथित वसूली के आरोपों की सच्चाई जांच में क्या सामने आती है।

error: Content is protected !!