डेस्क खबर

थाने के सामने से पुलिस की साइबर सेल की बोलेरो चोरी, चार घंटे तक मचा हड़कंप, कोरबा से हुई बरामद



डेस्क खबर ./ सक्ती जिले से पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पुलिस विभाग की साइबर सेल टीम का बोलेरो वाहन थाने के सामने से ही चोरी हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन की चाबी गाड़ी में ही लगी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर एक व्यक्ति बोलेरो लेकर फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन ले जाने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। करीब चार घंटे तक पुलिस वाहन की तलाश में जुटी रही। काफी मशक्कत के बाद चोरी हुए बोलेरो वाहन को कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। लेकिन इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर थाने के सामने खड़े पुलिस विभाग के वाहन में चाबी छोड़ने जैसी लापरवाही कैसे हुई? जब पुलिस का अपना वाहन ही सुरक्षित नहीं रह पाया, तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।सबसे गंभीर पहलू यह है कि अगर वाहन लेकर भागने वाला व्यक्ति रास्ते में किसी राहगीर को टक्कर मार देता या कोई बड़ी सड़क दुर्घटना हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?
अब सवाल यह भी है कि क्या इस मामले में वाहन की चाबी गाड़ी में छोड़ने के लिए जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय होगी? क्या पुलिस विभाग इस लापरवाही पर कोई कार्रवाई करेगा? फिलहाल बोलेरो वाहन बरामद हो चुका है, लेकिन इस घटना ने पुलिस विभाग की वाहन सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है। मामला सिर्फ एक वाहन चोरी का नहीं, बल्कि पुलिस की अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों का भी है।

error: Content is protected !!