डेस्क खबरबिलासपुर

बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक मचा हड़कंप, भाई से विवाद के बाद उठाया कदम, मोहल्ले के युवकों ने समझाकर सुरक्षित उतारा,सिटी कोतवाली क्षेत्र की घटना !!



डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाई से विवाद के बाद नाराज एक युवक घर से निकलकर सीधे बिजली के टावर पर जा चढ़ा। करीब दो घंटे तक युवक टावर पर बैठा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। ऊंचाई पर युवक को बैठा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हर किसी की नजर उसकी तरफ टिकी रही।
मामला दयालबंद में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय कुंदन केसरी का है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को किसी बात को लेकर कुंदन का अपने भाई से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह काफी नाराज होकर घर से निकल गया।


कुछ देर बाद वह नदी किनारे गुरुनानक स्कूल के पास स्थित बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर मोहल्लेवासियों की भीड़ जमा हो गई।


लोग लगातार कुंदन से बातचीत करते रहे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह टावर से नीचे आने को तैयार नहीं था। करीब दो घंटे तक समझाइश का दौर चलता रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की चिंता लगातार बढ़ती रही।
आखिरकार मोहल्ले के ही दो युवकों ने कुंदन से बातचीत कर उसे भरोसे में लिया और किसी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया। युवक के नीचे आते ही लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को थाने ले जाकर पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल, भाई से विवाद के बाद युवक ने टावर पर चढ़ने जैसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर पुलिस ने पूछताछ की है। राहत की बात यह रही कि मोहल्ले के लोगों की सूझबूझ और समझाइश से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

error: Content is protected !!