
डेस्क खबर बिलासपुर./ आधी रात को सरकंडा थाना क्षेत्र में जन्मदिन के जश्न के दौरान ढोल-नगाड़े और पटाखे लेकर अपने समर्थकों के साथ शोरगुल करना मना करना जज साहब को महंगा पड़ गया। गाना बजाने और आतिशबाजी करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुटुंब न्यायालय के एक जज और उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर जज, उनकी पत्नी और साले के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इस दौरान अभय बरुआ का अपने समर्थकों के साथ देर रात नियमों के खिलाफ जन्मदिन का जश्न का वीडियो भी सोशल मीडिया में अब वायरल हो रहा है और जिसमें प्रापर्टी डीलर अभय बरुआ अपने समर्थकों के साथ आधी रात हंगामा करते नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात जन्मदिन का जश्न मनाने के दौरान दर्जनों समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़े बजाए। आधी रात को हो रहे शोर और पटाखों का महासमुंद के कुटुंब न्यायालय में पदस्थ जज और उनके परिजनों ने विरोध किया तथा इसे बंद करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया और प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ तथा उनके साथियों ने जज और उनके परिवार को घेर लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि परिवार की महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उन्हें धमकाते हुए मारपीट की गई।घटना के बाद देर रात पटाखे फोड़ने का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जन्मदिन के जश्न से शुरू हुआ विवाद अब दो पक्षों की शिकायत तक पहुंच गया है। एक तरफ देर रात पटाखे और तेज आवाज को लेकर आपत्ति जताने का मामला है, तो दूसरी तरफ कथित मारपीट और धमकी के आरोप हैं।
सरकंडा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई, किसने पहले मारपीट की और घटना में किसकी क्या भूमिका रही। फिलहाल वायरल वीडियो और कोर्ट के सख्त आदेश के बाद भी आधी रात को आतिशबाजी और शोरशराबे से मना करने के बाद भी अपने रसूख के दम न्यायालय से जुड़े अधिकारी और उनके परिवार के साथ मारपीट के इस मामले ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
