विवादित एसडीएम सहित चार आरोपी गये जेल , आदिवासी ग्रामीण की पिटाई के बाद हुई थी मौत !! चकाजाम में आक्रोशित ग्रामीणों ने की बुलडोजर कार्यवाही सहित फांसी की मांग .!!

डेस्क खबर ./बलरामपुर – रामानुजगंज जिले के कोरौंधा थाना क्षेत्र के हंसपुर में बेगुनाह आदिवासी ग्रामीण की मौत के बाद हुए बवाल के बाद आखिरकार विवादित एसडीएम और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद जेल दाखिल कर दिया है । अवैध उत्खनन के मामले में कथित मारपीट के बाद एक ग्रामीण की मौत से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने कुसमी-सामरी मुख्य मार्ग जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम करुण डहरिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने इस दौरान आरोपियों के घरों में बुलडोजर चलाने और आरोपियों को फांसी की मांग भी की साथ ही मृतक के परिवार को एक करोड़ के मुआवजे की मांग भी सरकार से की है । ग्रामीणों का आरोप है कि अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अरुण डहरिया ने कई निर्दोष लोगों को जबरन जेल भेजा था ।
जानकारी के अनुसार अवैध खनन की शिकायत पर एसडीएम करुण डहरिया अपनी टीम के कुछ गुर्गे के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और कथित मारपीट की घटना सामने आई। घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कुसमी में जारी है। ग्रामीण की मौत के बाद समाज में आक्रोश और बढ़ गया। इस मामले में कांग्रेस ने भी आदिवासी ग्रामीण की मौत के बाद बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इस मौत को प्रशासनिक आतंकवाद की संज्ञा दी थी ।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, यहां तक कि बुलडोजर कार्रवाई और फांसी की मांग करते हुए नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कुसमी क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर मार्ग बहाल कराने की कोशिश की।

इस मामले में कोरौंधा पुलिस ने एसडीएम करुण डहरिया सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जबकि न्यायलय के आदेश के सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है गौरतलब है कि करुण डहरिया का पूर्व कार्यालय भी विवादों से घिरा हुआ है । जांजगीर में एक छात्र की पिटाई और नलकूप खनन मामले में 20 हजार रु की रिश्वत लेने में एसीबी द्वारा उनकी गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी थी ।