77 वर्षीय वृद्ध ने बैंक के खिलाफ अनशन की मांगी अनुमति, प्रशासन से नहीं मिली मंजूरी! पंजाब नेशनल बैंक से जुड़ा है मामला .!!

डेस्क खबर ./ छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 77 वर्षीय निश्चल सिंह, पिता मेहर सिंह, ने पंजाब नेशनल बैंक की बरेला शाखा से परेशान होकर एक दिवसीय अनशन की अनुमति मांगी है। उन्होंने इस संबंध में मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार को लिखित आवेदन सौंपा था, लेकिन जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिली।

निश्चल सिंह का आरोप है कि वर्ष 2007 से लंबित उनकी एफडीआर की प्रति बैंक द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। साथ ही वर्ष 1991 की एक अन्य एफडीआर का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है। उनका कहना है कि बैंक न तो उन्हें आवश्यक दस्तावेजों की प्रतिलिपि दे रहा है और न ही खाते का स्पष्ट स्टेटमेंट उपलब्ध करा रहा है।

बुजुर्ग ने शाखा प्रबंधक, बैंक के उच्च अधिकारियों और यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत भेजी, लेकिन समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने अनशन का रास्ता चुना। प्रशासन से अनुमति न मिलने पर अब उन्होंने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी को पत्र लिखकर एक दिवसीय अनशन की अनुमति मांगी है। मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। वही पूरे मामले में बैंक ने अपना कोई पक्ष सामने नहीं रखा है पर एक बुजुर्ग के प्रति अधिकारियों के इस रवैए से बैंक की साख पर सवाल उठ रहे है ।
