
डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां साईं नगर उसलापुर निवासी एक रिटायर्ड कर्मचारी ने मारपीट करने और झूठे अपराध में फंसाने का आरोप लगाया है। आवेदक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को आवेदन सौंपकर सकरी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 90/2026 और 91/2026 की निष्पक्ष जांच कराने तथा अपने खिलाफ दर्ज प्रकरण को निरस्त करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, आवेदक पूर्व में बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में उसलापुर स्थित अपने नए मकान का निर्माण कार्य करवा रहा है। इसी दौरान उसके पड़ोसी धीरज कश्यप, जो पुलिस विभाग में पदस्थ बताए जा रहे हैं, ने अपने मकान में हो रही सीपेज की समस्या दिखाने के लिए उसे घर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आवेदक का कहना है कि घटना के बाद उसे कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा।


रिटायर्ड कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में संबंधित पुलिसकर्मी और सकरी थाना पुलिस की मिलीभगत से उसके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई गई। इतना ही नहीं, उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर भी गलत रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात आवेदन में कही गई है। आवेदक के अनुसार, घटना के समय उसके परिवार का कोई सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था और न ही किसी प्रकार का पूर्व विवाद रहा है।
आवेदक ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच किसी अन्य थाने या स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि सकरी पुलिस के प्रभाव से मुक्त होकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आवेदक का आरोप है कि उसके पास आरक्षक द्वारा उसे वर्दी का धौंस दिखाया जाता है जिसकी बातचीत की रिकॉर्डिंग प्रार्थी ने होने का दावा भी किया है