

डेस्क खबर बिलासपुर../ रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में खुलेआम रसोई गैस की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय नगर इलाके में घरेलू गैस सिलेंडरों से कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध तरीके से गैस भरने का खेल खुलेआम चल रहा है। इस अवैध रिफिलिंग का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग घरेलू सिलेंडर से कमर्शियल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरा काम बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के किया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया है। घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल व्यावसायिक कामों के लिए करना नियमों के खिलाफ है, लेकिन इसके बावजूद शहर में लंबे समय से यह धंधा जारी है। वीडियो गरिमा किचन केयर नामक दुकान का बताया जा रहा है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों से पहले भी गैस की कालाबाजारी और ज्यादा कीमत पर सिलेंडर बेचने की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। आरोप है कि कुछ लोग घरेलू सिलेंडर सस्ते दामों में लेकर उसे कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर ज्यादा कीमत पर बेच रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो इस तरह का अवैध कारोबार इतनी खुलेआम नहीं चलता। गौरतलब है कि मीडिया के माध्यम से लगातार खुलासे के बाद भी खाद्य विभाग कार्यवाही कर रहा है जबकि कई इलाकों में अभी भी बेधड़क घरेलू गैस का उपयोग व्यावसायिक संस्थान में किया जा रहा है ।