पामगढ़ में कांग्रेस का दीपावली मिलन समारोह, 400 से अधिक कार्यकर्ताओं की जुटी भीड़
विधायक शेषराज हरवंश और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल की मौजूदगी में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर हुआ मंथन


डेस्क खबर ./जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विधानसभा स्तरीय दीपावली मिलन समारोह एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक मंगलवार को राहौद स्थित देवांगन धर्मशाला में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में करीब 400 कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, ब्लॉक प्रभारी मनोज तिवारी एवं माधुरी आदित्य सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में दीपावली की शुभकामनाओं के साथ संगठन की मजबूती, मंडल, सेक्टर, जोन और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक शेषराज हरवंश ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं ब्लॉक प्रभारियों ने संगठन में बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी के सामूहिक प्रयास से कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में नगर कांग्रेस कमेटी राहौद के अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि प्रहलाद देवांगन ने आयोजन में शामिल सभी कांग्रेसजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ।

