डेस्क खबर

जज के सामने आरोपी की दबंगई . कोर्ट में आरोपी का हाईवोल्टेज ड्रामा, कटघरे से कूदकर CJM के डायस पर चढ़ दी जान से मारने की धमकी..CJM पर भड़का ‘तू मुझे जेल भेजेगा बे… कोर्ट के भीतर गाली-गलौज और हंगामे से मचा हडकम्प.





डेस्क खबर मुंगेली, ./  जिला न्यायालय मुंगेली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रक चोरी के मामले में पेश किए गए एक आरोपी ने कोर्ट के भीतर ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया। कटघरे में खड़े आरोपी ने न सिर्फ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) को गाली दी, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे डाली। आरोपी यहीं नहीं रुका, वह कटघरे से कूदकर सीधे जज के डायस पर चढ़ गया और वहां रखे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास करने लगा।


मामला सरगांव थाना क्षेत्र में ट्रेलर चोरी से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को बांकीमोंगरा निवासी ट्रेलर चालक रामाधार कुर्मी ने सरगांव के पथरिया मोड़ के पास से ट्रेलर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सरगांव पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और महज 7 घंटे के भीतर चोरी के आरोपी भगतराम राजपूत को मदकूद्वीप चौक के पास चोरी के ट्रेलर सहित पकड़ लिया।


इसके बाद पुलिस आरोपी को सीजेएम कोर्ट मुंगेली में पेश करने पहुंची। कोर्ट में CJM द्वारा आरोपी से उसका नाम पूछा गया, तो वह अचानक भड़क गया। उसने कटघरे से कूदकर डायस पर चढ़ने की कोशिश की और वहां रखे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने CJM को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’ और जमकर गाली-गलौज की।


आरोपी ने न्यायालय में मौजूद कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की और काफी देर तक हंगामा मचाया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और उसे जेल दाखिल कराया।
कोर्ट के भीतर जज की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने जिला न्यायालय के भीतर न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कोर्ट के भीतर एक आरोपी कटघरे से निकलकर जज के डायस तक कैसे पहुंच गया? क्या न्यायालय में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं? घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत को सामने ला दिया है। वहीं, कोर्ट अधिकारी की शिकायत पर सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

error: Content is protected !!