बीजेपी महिला मोर्चा की पदाधिकारी की नियुक्ति निरस्त, नौकरी के नाम पर 2 लाख रुपये लेने की शिकायत! SP ने की नियुक्ति निरस्त , रकम मांगने पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में फंसाने की धमकी देने लगा था आरोप..


डेस्क खबर जांजगीर-चांपा. नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लेने की शिकायत सामने आने के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने परिवार परामर्श केंद्र की परामर्शदात्री पूजा राठौर की नियुक्ति निरस्त कर दी है। खास बात यह है कि पुलिस अधीक्षक के जारी आदेश में पूजा राठौर का उल्लेख भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला जांजगीर-चांपा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी किया गया है।जारी आदेश के मुताबिक, पूजा राठौर को 18 अगस्त 2026 को परिवार परामर्श केंद्र जांजगीर-चांपा में परामर्शदात्री सदस्य नियुक्त किया गया था। लेकिन रायपुर निवासी श्रवण गुप्ता की शिकायत के बाद उनकी नियुक्ति निरस्त करने का आदेश जारी किया गया।

शिकायतकर्ता तेलीबांधा रायपुर निवासी श्रवण गुप्ता का आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 2 लाख रुपये लिए गए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने जांजगीर एसपी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने 13 नवंबर 2026 को पूजा राठौर की परामर्शदात्री सदस्य की नियुक्ति निरस्त करने का आदेश जारी किया।इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर परिवारों के विवाद सुलझाने और लोगों को परामर्श देने की जिम्मेदारी वाले परिवार परामर्श केंद्र में नियुक्ति थी, तो दूसरी ओर नियुक्त सदस्य के खिलाफ नौकरी के नाम पर पैसे लेने जैसी गंभीर शिकायत सामने आई।अब देखना होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और कथित रूप से ली गई रकम के मामले में क्या कानूनी कार्रवाई होती है।
