डेस्क खबरबिलासपुर

रसूखदार सरकारी शिक्षक की दबंगई ,खुलेआम कर रहा सरकारी जमीन पर कब्जा ! बिलासपुर कलेक्टर से लेकर सुशासन तिहार में शिकायत के बाद भी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़!
तखतपुर विधानसभा के गांव का सौहार्द बिगड़ा तो कौन होगा जिम्मेदार ??



डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर जिले के ग्राम पंचायत नेवरा में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। कलेक्टर जनदर्शन से लेकर सुशासन तिहार में की गई शिकायत के बाद भी सरकारी शिक्षक की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है उल्टा अब रसूखदार शिक्षक इस जमीन पर धान की फसल लेने की तैयारी में जुट गया है।सरपंच की माने तो यह जमीन सरकारी स्कूल के लिए आरक्षित है और सरकारी शिक्षक इस सरकारी जमीन पर अपने रौब और प्रभाव के दम पर कब्जा कर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है । जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के मुख्य मार्ग से लगी सरकारी जमीन पर कथित रूप से कब्जा किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।


शिकायत के अनुसार, गांव के निवासी एवं शासकीय शिक्षक राजू ठाकुर द्वारा शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन अन्य जगहों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता है, लेकिन प्रभावशाली लोगों के मामलों में कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी जाती है।


ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि इस मामले की शिकायत पहले भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
जनदर्शन में दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय भूमि को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो गांव के लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



क्या सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई केवल कमजोर लोगों तक ही सीमित है? या फिर रसूखदारों के सामने प्रशासन के बुलडोजर के पहिए थम जाते हैं? अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी कब तक जांच कर कार्यवाही करते है ताकि बच्चों का भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके ।

error: Content is protected !!