डेस्क खबरबिलासपुर

झोलाछापों डाक्टरों का संगठित गिरोह ,शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिना डिग्री इलाज का खेल! बिना जांच बीमारी तय, 50 रुपए की दवा से 1000 रुपए का इंजेक्शन-ड्रिप ! किसके संरक्षण में चल रहा खेल ??



डेस्क खबर बिलासपुर .  वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और मौसमी बीमारियों का फायदा उठाकर जिले के गांवों में कथित झोलाछाप डॉक्टरों का नेटवर्क और संगठित गिरोह शहर से लेकर ग्रामीणों क्षेत्रों में बेखौफ संचालित किया जा रहा है। गली गली मोहल्ले भी झोलाझाप डाक्टर दुकान सजाये बैठे हुए है। जानकारी की  तस्वीरें और शिकायतें सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कथित झोलाछाप मरीजों की बिना किसी जांच के बीमारी तय कर इलाज शुरू कर देते हैं। कहीं 50 रुपए की दवा दी जा रही है, तो कहीं 1000 रुपए तक इंजेक्शन और ड्रिप के नाम पर वसूली की जा रही है। आरोप है कि कई जगह मरीजों को बिना पैथोलॉजिकल जांच के ही टाइफाइड जैसी बीमारी बताकर कई दिनों की दवाएं लिख दी जाती हैं।
जांच के दौरान ऐसे कथित क्लीनिक भी सामने आए हैं, जहां न कोई वैध डिग्री दिखाई देती है और न ही लाइसेंस। शहर से कुछ किलोमीटर दूरी स्थित क्षेत्र में बिना किसी बोर्ड या नाम के घर से क्लीनिक संचालित होने की जानकारी सामने आई है। वहीं घरों और छोटे कमरों में मरीजों का इलाज किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
जिले  के ग्रामीण इलाकों में ऐसे कथित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि स्वास्थ्य विभाग शिकायत मिलने के बाद जांच और कार्रवाई का दावा तो करता है, लेकिन आरोप है कि कार्रवाई के बाद भी कई जगह फिर से झोलाछापों का कारोबार शुरू हो जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिना डिग्री और बिना लाइसेंस मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर स्थायी कार्रवाई कब होगी? स्वास्थ्य विभाग के पास गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का तंत्र मौजूद है, फिर भी अगर लोग झोलाछापों के भरोसे इलाज कराने को मजबूर हैं, तो यह सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं बल्कि मरीजों की सुरक्षा का भी गंभीर मामला है।
अब देखना होगा कि इन शिकायतों और सामने आई तस्वीरों के बाद स्वास्थ्य विभाग जांच तक सीमित रहता है या फिर अवैध क्लीनिकों पर ठोस और सख्त कार्रवाई भी करता है या यूँही इन झोलाछाप डॉक्टरों का बिना डिग्री के इलाज का खेल जारी रहेगा ।

error: Content is protected !!