डेस्क खबरबिलासपुर

वर्दी के पीछे की कहानी ,प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ में साझा की एसएसपी रजनेश सिंह ने जानकारी .. अपराधियों को चेतावनी… युवाओं को दिया बदलाव का मंत्र !


डेस्क खबर बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय कार्यक्रम हमर पहुना में शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने न सिर्फ बिलासपुर पुलिस की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति साझा की, बल्कि अपने जीवन के संघर्ष, पुलिस सेवा के अनुभव और समाज के प्रति अपनी सोच को भी खुलकर रखा। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी करते हुए 22 अपराधियों को आजीवन कारावास दिलाया है। वहीं अपराध से अर्जित करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई पर कार्रवाई भी पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही नशे के खिलाफ विशेष अभियान भी जारी है, क्योंकि अधिकांश अपराधों की जड़ नशा बन चुका है। पुलिस अब नशे के नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष फोकस कर रही है।
एसएसपी ने माना कि आज के दौर में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। इससे निपटने के लिए थाना स्तर पर “हमर संगवारी” समूह बनाकर ग्रामीणों और आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी जा रही है। उनका कहना था कि जागरूकता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।
अपने निजी जीवन का जिक्र करते हुए रजनेश सिंह ने बताया कि बचपन में स्कूल के पास एसपी कार्यालय होने के कारण पुलिस अधिकारियों को देखकर उनके मन में वर्दी पहनने का सपना जागा। ग्वालियर, सिंगरौली और रायपुर में पढ़ाई के बाद उन्होंने एलएलबी की और लोक सेवा आयोग के जरिए पुलिस सेवा में आए। नक्सल प्रभावित इलाकों सहित कई जिलों में काम करने के बाद अब वे बिलासपुर में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने दुर्ग में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती कांडों के सफल खुलासे का भी जिक्र किया और बताया कि तकनीक, मजबूत सूचना तंत्र और रणनीतिक कार्रवाई से बड़ी वारदातों का पर्दाफाश संभव हुआ।
स्मार्ट पुलिसिंग पर उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा जीतना, सूचना तंत्र को मजबूत करना और पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल और कैंटीन जैसी सुविधाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने और समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपराध की सूचना देने में अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो समाज को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकता है। इस दौरान प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकारों सहित कई युवा पत्रकार भी मौजूद रहे ।

error: Content is protected !!