
————————-
डेस्क खबर बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रविवार को थाना तखतपुर का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बीट सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध शराब, मारपीट और जमीन से जुड़े विवादों को लेकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी तथा निगरानी को मजबूत किया जाए।
79 गांवों में 14 को किया गया संवेदनशील चिन्हित
तखतपुर थाना क्षेत्र में कुल 79 गांव आते हैं। इनमें से 14 गांवों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हित किया गया है। इन इलाकों से अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें अपेक्षाकृत अधिक सामने आने के कारण एसएसपी ने इन गांवों में विशेष निगरानी रखने को कहा।थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को निर्देश दिए गए कि ऐसे क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखा जाए और किसी विवाद के गंभीर रूप लेने से पहले आवश्यक कार्रवाई की जाए।
लगातार शिकायतों के बाद तीन पुलिसकर्मी रक्षित केंद्र भेजे गए
निरीक्षण के दौरान प्रकाश ठाकुर, ओंकार सिंह और आशीष वस्त्रकार के खिलाफ लगातार शिकायतों का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि तीनों पुलिसकर्मी बार-बार तखतपुर थाने में अपनी पोस्टिंग कराने में सफल हो जाते थे।अपराध नियंत्रण और आम लोगों से पुलिस के संपर्क से जुड़ी उनकी कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों के बाद एसएसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब के कारोबार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने ऐसे आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की प्रक्रिया अपनाने को कहा, जो बार-बार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाते हैं। यदि कोई व्यक्ति बाउंड की शर्तों का उल्लंघन करता है तो नियमानुसार राशि जब्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।वहीं अवैध शराब के कारोबार से जुड़ी महिलाओं के मामलों में केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित न रहने पर भी जोर दिया गया। ऐसी महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक रोजगार और आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने को कहा गया।
CM हेल्पलाइन की शिकायतों और सत्यापन मामलों की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान CM हेल्पलाइन से जुड़ी 19 शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ चरित्र सत्यापन से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली गई।एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों और प्रकरणों का तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान समय पर हो और पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत बना रहे।निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी मौजूद रहीं। एसएसपी के औचक निरीक्षण और निर्देशों से तखतपुर क्षेत्र में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने पर जोर साफ दिखाई दिया।
