खेत से घर लौट रही महिला पर कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत .सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर !

डेस्क खबर . / मुंगेली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की तस्वीर सामने आई है। खेत में काम करने के बाद घर लौट रही एक महिला पर अचानक आकाशीय बिजली कहर बनकर टूट पड़ी। बिजली गिरते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी दर्दनाक घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह बिजली के कहर ने महिला की जिंदगी एक पल में खत्म कर दी ।इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे पंडरभट्टा में मातम पसर गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक पल पहले जो महिला अपने घर लौट रही थी, अगले ही पल आकाशीय बिजली ने उसकी जिंदगी छीन ली।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरभट्टा की है। मृतका की पहचान गीता बाई पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गीता बाई खेत में काम करने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे महिला के ऊपर आ गिरी। आकाशीय बिजली इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आकाशीय बिजली गिरने का भयावह मंजर कैद हुआ है।
