डेस्क खबर

बिलासपुर के विकास के लिए अब चुप नहीं बैठेंगे, जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरकर हक की लड़ाई लड़ेंगे” ‘हमर पहुना’ में उद्योगपति प्रवीण झा का बेबाक बयान, एयरपोर्ट विस्तार को बताया पहली प्राथमिकता; उद्योग, रोजगार और शहर की सुरक्षा पर भी खुलकर रखी मन की बात




डेस्क खबर बिलासपुर.. बिलासपुर प्रेस क्लब के प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में सोमवार को उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रवीण झा ने अपने संघर्ष से सफलता तक के सफर के साथ-साथ बिलासपुर के विकास को लेकर बेबाक राय रखी। उन्होंने साफ कहा कि बिलासपुर शांत जरूर है, लेकिन कमजोर नहीं। यदि शहर के विकास और अधिकारों के लिए जरूरत पड़ी तो लोग सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।


प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह और सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी ने प्रवीण झा का स्वागत एवं सम्मान किया।
अभाव से निकले, एक हजार रुपये की नौकरी से शुरू हुआ सफर
अपने जीवन संघर्ष को याद करते हुए प्रवीण झा ने बताया कि उनका बचपन आर्थिक अभाव में गुजरा। पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था और कई बार नदी-नाले पार कर स्कूल पहुंचते थे। वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ आने के बाद उन्होंने जिंदल स्टील्स में करीब एक हजार रुपये मासिक वेतन से नौकरी शुरू की।


बिलासपुर आने पर उनके पास साइकिल तक नहीं थी। रेलवे स्टेशन से किराए पर साइकिल लेकर वे अपना काम करते थे। इसी दौरान उन्होंने तय किया कि नौकरी करने के बजाय ऐसा काम किया जाए, जिससे दूसरे लोगों को रोजगार मिल सके। इसके बाद उन्होंने उद्योग के क्षेत्र में कदम रखा और धीरे-धीरे अपना मुकाम बनाया।
एयरपोर्ट विस्तार को बताया विकास की पहली जरूरत
बिलासपुर के विकास पर उन्होंने कहा कि शहर के लिए सबसे बड़ी जरूरत एयरपोर्ट की बेहतर सुविधा और उसका विस्तार है। हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने से उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर में विकास तो हुआ है, लेकिन रायपुर की तुलना में विकास की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। अब शहर के पास आगे बढ़ने का बड़ा अवसर है और इसके लिए लोगों को अपने अधिकारों को लेकर आवाज उठानी होगी।
“बिलासपुर शांत है, कमजोर नहीं”
प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर के लोग शांतिप्रिय और मिलनसार हैं, लेकिन इसे उनकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जरूरत पड़ी तो बिलासपुर के हक के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दल की हो, शहर को उसका हक मिलना चाहिए और इसके लिए जनता को अपनी आवाज मजबूती से उठानी होगी।


उद्योग सिर्फ मुनाफे के लिए नहीं
उद्योगों की जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा कि किसी भी उद्योग का उद्देश्य केवल मुनाफा कमाना नहीं होना चाहिए। जिस क्षेत्र में उद्योग स्थापित हो, वहां के लोगों के स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण की जिम्मेदारी भी उद्योग संचालक की होनी चाहिए।
उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और पर्यावरण संरक्षण के साथ उद्योग स्थापित करने पर जोर दिया।
युवाओं को व्यवसाय की ओर बढ़ने की सलाह
प्रवीण झा ने युवाओं से कहा कि सफलता के लिए धैर्य और मेहनत जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यवसाय छोटा या बड़ा नहीं होता। पान ठेला लगाने वाला भी व्यवसायी है और बड़ा उद्योग चलाने वाला भी। युवाओं को नौकरी के साथ-साथ उद्यमिता और रोजगार देने की सोच भी विकसित करनी चाहिए।
जरूरत पड़ी तो राजनीति में आने से इनकार नहीं
राजनीति में आने के सवाल पर प्रवीण झा ने कहा कि फिलहाल राजनीति उनका विषय नहीं है। लेकिन यदि भविष्य में उन्हें लगे कि बिलासपुर के विकास के लिए राजनीति के माध्यम से काम करना जरूरी है, तो वे इससे पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने समाजसेवा को अपना दायित्व बताते हुए कहा कि समाज से बहुत कुछ मिला है, इसलिए समाज को वापस देना भी हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
शहर की सुरक्षा पर भी जोर
शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए चल रहे ऑपरेशन त्रिमित्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि योजना आगे बढ़ चुकी है और आगामी महीनों में टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए शहर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में प्रवीण झा ने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। कार्यक्रम में बिलासपुर के विकास, एयरपोर्ट, उद्योग, रोजगार, समाजसेवा, युवाओं और सुरक्षा सहित कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।

error: Content is protected !!