छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का रुख, आज कई जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट; रायपुर में भी बरस सकते हैं बादल

——————-
डेस्क खबर रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से अगस्त के अंतिम दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य के आसपास बनी हुई है, हालांकि सामान्य की तुलना में करीब 7 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को आसमान में अधिकांश समय बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार को हुई बारिश के दौरान महादेव घाट रोड पर कांवड़ यात्रियों को भी बारिश के बीच यात्रा करते देखा गया।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम प्रदेश को कर रहा प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।इस सिस्टम के अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और उत्तर ओडिशा तथा उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। इसके अलावा इससे जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई है।इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। MCB जिले के कोटाडोल में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई। छुरा और नांगार में 7 सेंटीमीटर, जबकि सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
कई जिलों में तेज हवा और बिजली के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।इन क्षेत्रों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
दूसरी ओर सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगस्त के आखिरी दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम प्रणालियों की सक्रियता को देखते हुए प्रदेश में अभी बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। अगस्त के अंत तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर बना रह सकता है। ऐसे में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का ध्यान रखने की जरूरत है।
