डेस्क खबरबिलासपुर

भारतीय नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प, डेढ़ करोड़ की लागत से विकसित हुई आधुनिक सुविधाएं..प्रशासनिक और जनप्रतिधियों ने किया वृक्षारोपण ,अग्रवाल सेवा समिति की पहल ..




डेस्क खबर बिलासपुर,../  अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारती नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह तथा नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अवलोकन किया। इस दौरान अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर में नीम के पौधे लगाकर वृक्षारोपण किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम मानव जीवन की अंतिम यात्रा का पवित्र स्थल है, इसलिए इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाए रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति द्वारा किया गया यह कार्य सामाजिक एकता, सेवा भावना और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं आईजी रामगोपाल गर्ग ने अग्रवाल समाज की सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने मुक्तिधाम को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाकर अनुकरणीय कार्य किया है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2025 से भारती नगर मुक्तिधाम के संचालन और विकास का कार्य किया जा रहा है।

लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से यहां अंतिम संस्कार हेतु पक्के चबूतरे, बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, पार्किंग, हरित उद्यान, अस्थि कलश लॉकर, स्नान व्यवस्था तथा सुरक्षा के लिए 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही माली, गार्ड और सफाई कर्मचारियों की नियमित व्यवस्था भी की गई है।


कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। इस अवसर पर सामाजिक दानदाताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संचालन मनीष अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

error: Content is protected !!