
डेस्क खबर बिलासपुर ./ बिलासपुर में तेज गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदलने से जहां लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिली है वहीं तेज हवा और बारिश के दौरान एक बिजली खंभे में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बिजली पोल से तेज चिंगारियां और आग की लपटें साफ देखी जा सकती हैं। यह घटना अपोलो अस्पताल के सामने की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के बीच खुले बिजली तारों में पानी लगने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद खंभे में आग भड़क उठी।
घटना के बाद आसपास के लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनज़र लोगों ने तुरंत वहां से दूरी बना ली। आग लगने के कारण पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर शाम के समय बिजली गुल होने से घरों और दुकानों में अंधेरा छा गया।
लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद भी घंटों तक बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।