डेस्क खबरबिलासपुर

बिलासपुर के शातिर चोरों को जांजगीर पुलिस ने किया गिरफ्तार ! ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का पर्दाफाश.! एम्बुलेंस बनकर गांवों में करते थे चोरी, 17.30 लाख का माल जब्त !




डेस्क खबर बिलासपुर /  बिलासपुर के शातिर चोरों को जांजगीर-चांपा जिले की पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है । जिले में गांव-गांव से ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर चोरी करने वाले शातिर अंतरजिला चोर गिरोह का शिवरीनारायण पुलिस ने बड़ा भांडाफोड़ किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी की वारदातों पर बड़ी सफलता मिली है। आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस का रूप दे रखा था, जिससे ग्रामीणों को किसी तरह का शक न हो।


जानकारी के अनुसार आरोपी एम्बुलेंस के नाम पर गांवों में प्रवेश करते थे और ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर निकालकर चोरी का माल उसी एम्बुलेंस में भरकर परिवहन करते थे। ग्रामीणों को दिग्भ्रमित कर वे आसानी से वारदात को अंजाम देते रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कॉपर वायर, एल्यूमिनियम, ट्रांसफार्मर, लोहे का एंगल, 4 मोबाइल फोन, छोटा हाथी वाहन, बोलेरो एम्बुलेंस तथा वारदात में प्रयुक्त कटर मशीन, ब्लेड और पाना-पेंचिस बरामद की है।



पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 17 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में मुख्य आरोपी अमर बाबू, संतोष भास्कर, वीरेंद्र सुमन, राज आर्यन और अमन रात्रे को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से राज आर्यन समेत सभी आरोपी बिलासपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही मुंगेली जिले की पुलिस ने भी बाइक गाड़ियों की चोरी के मामले में एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था जिसके भी आरोपियों के तार बिलासपुर कबाड़ियों से जुड़े होने के पक्के सबूत मिले थे ।

error: Content is protected !!