डेस्क खबरबिलासपुर

आकाशीय बिजली का कहर, फिर प्रशासन की कथित बेरुखी, किसान का शव ढोने को मजबूर हुआ परिवार !



डेस्क खबर बिलासपुर ./कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पुलिस की कथित संवेदनहीनता ने परिजनों के जख्म और गहरे कर दिए। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद घंटों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों को तेज बारिश के बीच किसान का शव कंधों पर उठाकर सड़क तक लाना पड़ा।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत निरतू निवासी धरम यादव (65 वर्ष), पिता स्वर्गीय खेलन यादव, रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर लगभग 2:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वे पास स्थित मरघट की ओर बढ़े, लेकिन इसी दौरान उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को खबर दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना के बाद डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई करते हुए फोटो लेकर वापस लौट गई। उनका कहना है कि शव को घटनास्थल से निकालने या वाहन उपलब्ध कराने जैसी जरूरी व्यवस्था नहीं की गई।
परिजनों के मुताबिक शाम करीब 7 बजे तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। लगातार हो रही बारिश और प्रशासन से कोई मदद नहीं मिलने पर परिवार और ग्रामीणों ने मजबूरी में किसान के शव को करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक कंधों पर उठाकर सड़क तक पहुंचाया। उनका आरोप है कि जहां तक वाहन आसानी से पहुंच सकता था, वहां तक भी पुलिस ने सहयोग नहीं किया।


घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस की कथित संवेदनहीन रवैये की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि कोनी पुलिस ने सभी आरोपों को निराधार बताया है और जानकारी देते हुए कहा कि किसान की मौत की खबर मिलते ही डायल 112 की टीम ने मानवता का परिचय देते हुए शव को अस्पताल पहुंचाया है।

error: Content is protected !!