छत्तीसगढ़ का छुपा हुआ स्वर्ग GPM! जिला प्रशासन ने जारी किया दिल जीतने वाला वीडियो, तीन दिन में घूमेंगे 20 से ज्यादा खूबसूरत लोकेशन*




डेस्क खबर _ गौरेला पेंड्रा मरवाही ../
अगर आप भी शहर की भागदौड़, शोर-शराबे और भीड़ से दूर प्रकृति की गोद में कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो छत्तीसगढ़ का सबसे नया, सबसे हरा-भरा और सबसे खूबसूरत जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही जो अमरकंटक के तरई क्षेत्र में बसा हुआ है आपका बेसब्री से इंतजार कर रहा है। जिसे लोग प्यार से छत्तीसगढ़ का कश्मीर और छत्तीसगढ़ का छुपा हुआ स्वर्ग भी कहते हैं।
जिला प्रशासन, गौरेला पेंड्रा मरवाही ने जिले के पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को GPM की खूबसूरती से रूबरू कराने के लिए *”गौरेला पेंड्रा मरवाही की खूबसूरत जगहें”* नाम से एक बेहद ही खूबसूरत और दिल जीत लेने वाला प्रमोशनल वीडियो जारी किया है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया है और लोग इसे छत्तीसगढ़ का सबसे सुंदर टूरिज्म वीडियो बता रहे हैं।
वीडियो में ड्रोन कैमरे से कैद की गई GPM की वो तस्वीरें हैं, जो आज से पहले शायद ही किसी ने देखी हों। घने जंगल, ऊंचे-ऊंचे पहाड़, कल-कल बहते झरने, विशाल डैम और रहस्यमयी गुफाएं, सब कुछ एक साथ।
जिला प्रशासन ने इस वीडियो के साथ पर्यटकों की सुविधा के लिए *”2 Nights / 3 Days GPM Tour Plan”* भी जारी किया है, ताकि आप कम समय में पूरे जिले की सैर कर सकें। प्रशासन का कहना है कि एक बार GPM आएंगे तो बार-बार आना चाहेंगे।
*वीडियो में दिखी GPM की 20 से ज्यादा जन्नत जैसी जगहें -*
वीडियो में जिन प्रमुख जगहों को दिखाया गया है, उनका वर्णन बेहद खूबसूरत तरीके से किया गया है –
*1. झोझा जलप्रपात और लक्ष्मणधारा जलप्रपात -* जहाँ आपका दिल ठहर जाएगा। मानसून में ये दोनों जलप्रपात अपने पूरे शबाब पर हैं। ऊंचाई से गिरता दूध जैसा सफेद पानी और चारों ओर हरियाली देखकर मन को असीम शांति मिलती है।
*2. राजमेरगढ़ और धरमपानी हिल व्यू -* यहाँ पहुँचकर ऐसा लगेगा जैसे आप बादलों के बीच हैं। राजमेरगढ़ किले के अवशेष और धरमपानी से पूरे जिले का विहंगम दृश्य दिखता है। यहाँ की ठंडी हवाएं और कोहरे की चादर आपको कश्मीर का एहसास दिलाएगी।
*3. माई का मंडप और बिलमगढ़ गुफा -* रहस्यों से भरी रोमांचक दुनिया। माई का मंडप आस्था का केंद्र है तो बिलमगढ़ गुफा के अंदर प्राचीन शिवलिंग और प्राकृतिक संरचनाएं हैरान कर देती हैं।
*4. मलानिया डैम और गगनई नेचर कैम्प -* पानी, पहाड़ और सुकून का अनोखा संगम। मलानिया डैम में बोटिंग का मजा ही कुछ और है, वहीं गगनई नेचर कैम्प में जंगल के बीच टेंट में रात गुजारना एक अलग ही अनुभव है।
*5. बेनीबाई और परेवा पाट -* हजारों साल पुरानी विशाल चट्टानों पर बनी कलाकृतियां और जंगलों के बीच प्राकृतिक ठहराव। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए ये जगहें जन्नत हैं।
*आपका 3 दिन का पूरा टूर प्लान -*
जिला प्रशासन ने बताया है कि आप इस ट्रिप को कैसे पूरा कर सकते हैं –
*प्रथम दिन _* आपकी यात्रा शुरू होगी समुदई कुंड के पवित्र जल से, फिर लखनघाट, शिवघाट, तारा-खारा जलप्रपात, ऐतिहासिक बेनीबाई, धनपुर आदिशक्ति मंदिर और परेवा पाट होते हुए शाम को आप पहुँचेंगे गगनई नेचर कैम्प, जहाँ बोनफायर के साथ जंगल में रात्रि विश्राम।
*द्वितीय दिन_* दूसरे दिन सुबह गगनई में सनराइज और बोटिंग के बाद आप निकलेंगे झोझा जलप्रपात के लिए, फिर रहस्यमयी जोगी गुफा, घाघरा डैम और पवित्र सोनकुंड। रात में पेंड्रा में विश्राम।
*तृतीय दिन _* तीसरे और आखिरी दिन की शुरुआत मलानिया डैम से होगी, फिर चमत्कारी हवा पत्थर, बिलमगढ़ गुफा, जलेश्वर महादेव, ऐतिहासिक राजमेरगढ़, धरमपानी हिल व्यू, दुर्गाधारा, माई का मंडप और अंत में लक्ष्मणधारा जलप्रपात की खूबसूरती के साथ आपकी यात्रा पूरी होगी।
तीन दिन, अनगिनत नजारे और ढेर सारी यादें, यही है GPM की पहचान।
जिला प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है – *”समय निकालिए, बैग पैक कीजिए और GPM की ओर निकल जाइए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सिर्फ देखिए नहीं, महसूस कीजिए।”*
