
डेस्क खबर बिलासपुर ./ शहर के भट्ठाटोला इलाके में पैसे के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने घर में घुसकर एक युवक पर बेरहमी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेंड्रा के भट्ठाटोला निवासी राकेश जायसवाल अपने मित्र रूपेश जायसवाल के घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुंजीलाल जायसवाल, उसका बेटा निहाल जायसवाल और उनके साथ करीब 10 अन्य लोग बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी हमलावरों के हाथों में हॉकी, लोहे की रॉड और डंडे थे। उन्होंने घर में घुसकर गाली-गलौच शुरू की और राकेश जायसवाल को बाल पकड़कर बाहर खींच लाया।बीच-बचाव के लिए रूपेश जायसवाल के माता-पिता आगे आए, लेकिन आरोपियों ने बुजुर्गों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। बताया जा रहा है कि राकेश जायसवाल को तब तक पीटा गया जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राकेश जायसवाल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।