डेस्क खबर

नवरात्रि में तहसील में सूचना-पट्ट पर विवाद, नायब तहसीलदार के तबादले की मांग

सकल हिंदू समाज और दुर्गा पूजा समितियों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, दो दिन का अल्टीमेटम; मांग पूरी नहीं होने पर नगर बंद, चक्काजाम और तहसील घेराव की चेतावनी



राहुल गुप्ता 

डेस्क खबर / बलरामपुर/ कुसमी। नगर के तहसील कार्यालय परिसर में शारदीय नवरात्रि के दौरान लगाए गए एक सूचना-पट्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। सूचना-पट्ट पर ‘तहसील परिसर में भिक्षा एवं चंदा मांगने वालों का प्रवेश वर्जित है’ लिखा गया था। इस मामले को लेकर सकल हिंदू समाज और नगर की दुर्गा पूजा समितियों ने नाराजगी जताते हुए कलेक्टर के नाम एसडीएम बालेश्वर राम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में नायब तहसीलदार अनुग्रह केरकेट्टा पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कुसमी से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की गई है। समाज ने मांग पूरी करने के लिए दो दिनों का समय दिया है।



समाज के लोगों का कहना है कि शारदीय नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान इस तरह का सूचना-पट्ट लगाया जाना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। इसे लेकर हिंदू समाज और दुर्गा पूजा समितियों में आक्रोश है। ज्ञापन में संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर नगर बंद, चक्काजाम और तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।



सूचना-पट्ट हटाया गया, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला

बताया गया कि नवरात्रि के दौरान तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर यह सूचना-पट्ट लिखवाया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों ने पेंट से लिखावट मिटा दी, लेकिन तब तक इसकी तस्वीर और संदेश नगर सहित सोशल मीडिया पर प्रसारित हो चुके थे। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे अशोभनीय बताते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।



तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने तहसील कार्यालय में कथित अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने तहसीलदार के स्टेनो पर आरोप लगाया कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, समाज के लोगों ने इन आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



जांच के बाद होगी कार्रवाई : एसडीएम

इस मामले में एसडीएम बालेश्वर राम ने कहा कि नायब तहसीलदार ने किन परिस्थितियों में और किसके आदेश पर सूचना-पट्ट लगवाया था, इसकी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि व समाज के अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!