मुंगेली में अवैध खनन का काला खेल , रात के अंधेरे में सरकारी ज़मीन की लूट, प्रशासन मौन , ग्रामीणों ने लगाई मीडिया से गुहार ।

डेस्क खबर ./ मुंगेली जिले के पथरिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलडीहा में अवैध खनन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यहां रात के अंधेरे में बेख़ौफ़ तरीके से मिट्टी मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूरी रात खुदाई कर लगभग 50 से अधिक हाईवा वाहनों के ज़रिए अवैध खनिज का परिवहन किया जाता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गई है। एक ग्रामीण ने इस अवैध खुदाई और परिवहन की जानकारी देकर जिम्मेदारों तक इस कृत्य को मीडिया के माध्यम से पहुंचाने की गुहार लगाई है
नाम न छापने की शर्त में ग्रामीण ने बताया कि एक बीजेपी नेता ने कई एकड़ सरकारी ज़मीन पर कब्जा कर अवैध खनन शुरू कर दिया है। राजनीतिक रसूख के चलते स्थानीय रहवासी खुलकर सामने आने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई आवाज उठाने की कोशिश करता है तो उसे दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है। इसी डर के कारण गांव में असंतोष तो है, लेकिन खुला विरोध नहीं हो पा रहा।
खनिज विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग को अवैध खनन की पूरी जानकारी होने के बावजूद आंखें मूंद ली गई हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो खनन माफियाओं के सामने विभाग नतमस्तक हो गया हो। न तो रात के समय जांच होती है और न ही भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक लगाई जा रही है।
लगातार बड़ी-बड़ी गाड़ियों के चलने से गांव में धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। सड़क पर हाईवा की तेज रफ्तार से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़ी घटना के बाद ही शायद प्रशासन जागेगा। अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन और खनिज विभाग इस अवैध खनन पर कार्रवाई करेगा, या फिर यह काला कारोबार इसी तरह रात के अंधेरे में फलता-फूलता रहेगा और सरकारी जमीन पर बीजेपी नेता अपनी मनमानी करता रहेगा ।
