


—————–
डेस्क खबर रायपुर : नवा रायपुर की ब्लू वाटर खदान में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं के बाद अब सरकार ने सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि ब्लू वाटर खदान को प्रतिबंधित क्षेत्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही खदान के चारों ओर फेंसिंग कर लोगों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की जाएगी।मंत्री के अनुसार, सुरक्षा इंतजामों के लिए बाहर से आई टीम लगातार काम कर रही है। खदान के आसपास ऐसे इंतजाम किए जाएंगे, जिससे लोग जोखिम वाले हिस्से तक आसानी से नहीं पहुंच सकें।
ब्लू वाटर में पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
ब्लू वाटर खदान में गहरे पानी के कारण पहले भी कई लोग जान गंवा चुके हैं। हाल में दोस्तों के साथ पहुंचे एक युवक के डूबने की घटना के बाद एक बार फिर खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद सरकार ने खदान को प्रतिबंधित करने और सुरक्षा घेरा बनाने का निर्णय लिया है।
पेपर लीक मामले में दोषियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री टंक राम वर्मा ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में सामने आए पेपर लीक मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी।उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकना जरूरी है, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्याय न हो।
युवाओं की बात सुनना जरूरी: मंत्री
युवाओं के साथ मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के संवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर टंक राम वर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। जब उनकी बात ही नहीं सुनी जाएगी तो समस्याओं का समाधान कैसे निकलेगा।
एम्स के निमंत्रण पत्र पर बोले मंत्री
रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद, विधायक और महापौर का नाम नहीं होने के सवाल पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते समय निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।














