डेस्क खबरबिलासपुर

तखतपुर में दर्दनाक हादसा , घोंघा नदी ने बुझा दिए तीन घरों के चिराग
स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम तेज बहाव में बहे, एसडीआरएफ ने घंटों की मशक्कत के बाद तीनों के शव किए बरामद



डेस्क खबर बिलासपुर ../ जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी का तेज बहाव तीन परिवारों की जिंदगी में ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसे शायद कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी में समा गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए।


मृतकों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों समडील गांव के रहने वाले थे।
पानी कम था, अचानक आया तेज बहाव
बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे घोंघा नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। नदी में पानी ज्यादा नहीं था, लेकिन अचानक तेज बहाव आया और तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में बच्चे नदी में बह गए।


हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। नदी के आसपास बच्चों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया।
पहले अनमोल, फिर स्तुति और शिक्षा का मिला शव
एसडीआरएफ की टीम ने सुबह करीब 6 बजे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी तलाश के बाद 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव पुल के नीचे नदी में थोड़ी दूरी पर बरामद हुआ।


इसके बाद सर्च ऑपरेशन और तेज किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला। वहीं तीसरे बच्चे 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल की तलाश भी जारी रही। बाद में उसका शव भी बरामद कर लिया गया।
तीनों शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया।
तीन मासूमों की मौत से गांव में पसरा मातम
हादसे ने पूरे समडील गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस हृदयविदारक घटना से सदमे में हैं।
मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद रही। डॉक्टरों की टीम ने आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई।


बरसात में नदी-नालों की सुरक्षा पर सवाल
तीन मासूमों की दर्दनाक मौत ने बरसात के मौसम में नदी-नालों को पार करने वाले बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अचानक बढ़ता जलस्तर और तेज बहाव कभी भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है। घटना ने प्रशासन के सामने भी ग्रामीण इलाकों में सुरक्षित आवागमन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
समडील में अब स्कूल से लौटते बच्चों की आवाजें नहीं, बल्कि तीन परिवारों की सिसकियां सुनाई दे रही हैं। घोंघा नदी ने तीन मासूम जिंदगियां ही नहीं छीनीं, बल्कि तीन परिवारों के भविष्य के सपने भी अपने साथ बहा ले गई।

error: Content is protected !!