डेस्क खबर

सेंट्रल जेल में गांजा और मोबाइल बरामद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल.l
कुख्यात अपराधियों से किया गया जब्त, मचा हड़कंप….


डेस्क खबर …/ सेंट्रल जेल अंबिकापुर में गांजा और मोबाइल फोन मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आज दोपहर 12 बजे असिस्टेंट जेलर संजय खैरवार ने उच्च सुरक्षा वार्ड की जांच के दौरान कुख्यात अपराधी कुलदीप साहू के पास से एक पाव गांजा बरामद किया। जेल प्रशासन के अनुसार, इस घटना से तीन दिन पहले ही कुख्यात अपराधी कुलदीप साहू और दीपक सिंह नेपाली के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया था। लगातार दो गंभीर मामलों के सामने आने के बाद जेल के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।

इस मामले में जेल प्रहरी केसव राठौर और भक्ति प्रसाद मिंज की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। दोनों प्रहरियों पर गांजा और मोबाइल जेल के भीतर पहुंचाने में संलिप्त होने का संदेह जताया जा रहा है। जेल प्रशासन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

गांजा बरामद होने के बाद जेल प्रशासन ने कुख्यात अपराधियों कुलदीप साहू और दीपक सिंह नेपाली को उच्च सुरक्षा सेल में शिफ्ट कर दिया है, ताकि वे अन्य कैदियों के संपर्क में न आ सकें और जेल के भीतर कोई अवैध गतिविधि न हो सके। सेंट्रल जेल अंबिकापुर के जेल अधीक्षक ने टेलीफोन पर इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जेल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। इस मामले में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और इस मामले को लेकर अधिकारियों में हलचल मची हुई है।

error: Content is protected !!