


डेस्क खबर रायपुर ../ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डूमरतराई साहूपारा में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक पति पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया।पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान भुनेश्वर साहू, निवासी बालोद, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में पत्नी के चरित्र पर शक को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

