कोरबाडेस्क खबर

शिक्षा दान के नाम वसूली , शिक्षकों के ग्रुप में 200 रु जमा करने का आया फरमान .वाट्सअप चैट हुआ वायरल..बड़ा सवाल ! कोई आदेश नहीं, फिर किसने दिया वसूली का फरमान ?



डेस्क खबर कोरबा../ जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बीच शिक्षकों से 200 रुपये मांगने का मामला सामने आया है। जिले के शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक चैट वायरल हुई है, जिसमें प्रत्येक शिक्षक से 200 रुपये जमा करने की बात कही गई है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में सवाल उठने लगे हैं।
24 सितंबर को जिले के सभी विकासखंडों में ‘शिक्षा दान रथ’ निकाला गया था। इसके जरिए लोगों से जरूरतमंद बच्चों के लिए किताब, कॉपी, पेन और अन्य शैक्षणिक सामग्री दान करने की अपील की गई थी। इसी दौरान शिक्षकों से 200 रुपये जमा कराने वाली चैट सामने आई।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों से 200 रुपये मांगने के संबंध में विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। चैट वायरल होने के बाद पाली, करतला सहित कई संकुल शैक्षिक समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।


अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब विभाग ने कोई आदेश जारी नहीं किया तो शिक्षकों से 200 रुपये जमा करने का संदेश किसके निर्देश पर भेजा गया? क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी ने अपने स्तर पर यह राशि मांगी? कितने शिक्षकों से राशि मांगी गई और क्या किसी ने पैसा जमा भी किया?


दान के नाम पर तय रकम मांगने की बात सामने आने से अभियान की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल चैट के पीछे वास्तविकता क्या है और राशि मांगने के लिए जिम्मेदार कौन है।


हालांकि कुछ मीडिया कर्मियों ने जिला शिक्षा अधिकारी से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हो सका।

error: Content is protected !!