48 घंटे की बारिश से भूस्खलन ,जलेश्वर-अमरकंटक मार्ग का बड़ा हिस्सा खाई में समाया ..सड़क धंसी, मलबा खाई में गिरा… जलेश्वर का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क प्रभावित



रिपोर्ट –अरविंद सिंह
डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। 48 घंटे की लगातार बारिश के बाद जलेश्वर-अमरकंटक मार्ग पर बड़ा भूस्खलन सामने आया है। जलेश्वर के पास पहाड़ी सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसकर खाई में जा समाया। सामने आए वीडियो में सड़क की तबाही और नीचे गिरे मलबे का भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहा है।

भूस्खलन के बाद इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसका सीधा असर जलेश्वर क्षेत्र के लोगों पर पड़ा है, जिनका जिला मुख्यालय गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से सीधा संपर्क इस रास्ते से प्रभावित हुआ है। सवाल यह है कि पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच सड़क और पहाड़ की सुरक्षा को लेकर पहले से क्या इंतजाम किए गए थे?
बारिश के बाद सड़क का इतना बड़ा हिस्सा खाई में गिरना निश्चित तौर पर संबंधित विभाग के लिए गंभीर चुनौती है। हालांकि भूस्खलन का वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन घटना ने पहाड़ी मार्गों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पेंड्रा रोड से अमरकंटक जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं। यात्रियों को क्षतिग्रस्त रास्ते से बचने की सलाह दी जा रही है।


