



डेस्क खबर बिलासपुर…/ छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सूदखोरी की रकम वसूलने के लिए एक रेलवे कर्मचारी का अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया। यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है, जहां देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे कर्मचारी अमीर अहमद को नयापारा के एक मकान में रस्सी से बांधकर रखा गया है। सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए चंद घंटो मे ही युवक को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से रिहा करने मे बड़ी सफलता हासिल की है। घटना से जुड़े दो ऑडियो क्लिप भी सामने आए हैं, जिनमें अमीर अहमद डरे हुए स्वर में बंधक बनाने वालों का नाम और स्थान बता रहे हैं।और रिहा करवाने के लिए गिड़गिड़ा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार सूदखोरी विवाद के चलते इस जुर्म को अंजाम दिया गया था । अपहरण रेलवे कर्मचारी ने सिरगिट्टी क्षेत्र की एक महिला से रकम उधार ली थी। रकम वसूलने के लिए महिला ने अपने गुर्गो की की मदद से कर्मचारी का अपहरण कर लिया और उसे बंधक बना लिया। बंधक बनाए गए अमीर अहमद ने किसी तरह एक फोन से अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई भी देखने को मिली। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी और उनकी टीम ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर अमीर अहमद को बड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचाया। हालांकि, पुलिस आरोपियों को पकड़ने में असफल रही। मामले की जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ता आदतन अपराधी हैं। आरोपियों में शामिल महिला पहले भी अवैध शराब, गांजा, मेडिकल नशा, और सट्टे जैसे गैरकानूनी धंधों में लिप्त रही है। उसके परिवार के सदस्य भी इन गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे हैं। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को बचा लिया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और सभी संलिप्त लोगों को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में सिरगिट्टी थाने के थाना प्रभारी रजनीश सिंह और आरक्षक रौनक पांडे और लक्ष्मी कश्यप ने अपनी ईमानदारी और सूझबुझ् से रेलवे कर्मचारी को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के उनकी पाता साजी की जा रही है।
