डेस्क खबर

परसा कोल ब्लॉक में पेड़ कटाई का विरोध: पुलिस और ग्रामीणों में हिंसक झड़प..! ग्रामीणों के साथ कई पुलिसकर्मी घायल .!,स्थिति तनावपूर्ण बनीं हुई है बड़े संघर्ष की आशंका ..?
देखिए EXCULISVE वीडियो ! पढ़िए ग्राउंड जीरो रिपोर्ट .!



डेस्क खबर ../ सरगुजा (उदयपुर)। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड और सूरजपुर जिले के जनार्दनपुर इलाके में परसा कोल ब्लॉक परियोजना के तहत पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है। गुरुवार सुबह से ही इन क्षेत्रों में पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच सैकड़ों पेड़ों की कटाई का काम जारी है, जिसे ग्रामीण और हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य लगातार विरोध कर रहे हैं।

सुबह 9 से 10 बजे के बीच विरोध प्रदर्शन के दौरान हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्य रामलाल पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हो गए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। रामलाल पिछले 10 वर्षों से जल, जंगल, और जमीन को बचाने की लड़ाई में सक्रिय हैं और इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों के बीच आक्रोश और बढ़ गया है।



परसा कोल ब्लॉक परियोजना के तहत लगभग 6000 पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे 140 हेक्टेयर जंगल का सफाया होगा। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों की यह कटाई अवैध है और इसे फर्जी ग्राम सभा का आयोजन कर जायज ठहराया गया है। उनका कहना है कि प्रशासन की मदद से उद्योगपति उनके जल, जंगल, और जमीन को लूट रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है, ताकि विरोध को नियंत्रित किया जा सके। झड़प के दौरान पुलिस और ग्रामीणों, दोनों ओर से लोग घायल हुए हैं। हसदेव अरण्य क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों के बीच इस परियोजना का भारी विरोध है, जो वर्षों से अपनी प्राकृतिक संपदा और वन संरक्षण के लिए संघर्षरत हैं।

वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति के बावजूद, ग्रामीणों का आंदोलन कमजोर पड़ने का नाम नहीं ले रहा है। मौके से प्राप्त वीडियो और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और आगे किसी बड़े संघर्ष की आशंका भी जताई जा रही है।

error: Content is protected !!