छत्तीसगढ़

घर को बाहर से बंद कर लगाई आग,दो की मौत दो गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार– भाटापारा।  बलौदाबाजार में हुए जघन्य हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने किया है। बलौदाबाजार भैंसापसरा अग्निकांड में घर में आग लगने के चलते घर में रहने वाले एक युवक व एक वृद्धा की मौत हो गई वही मायके आई वृद्धा की बेटी और नातिन जल कर झुलस गई थी। पुलिस ने मामले में दो शराबियों को गिरफ्तार किया है,जिन्होंने घर के बाहर से दरवाजा बंद कर झोपड़ीनुमा घर में आग लगाई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के भैंसापसरा में 24–25 फरवरी की दरमियानी रात अज्ञात आरोपियों ने घर में बाहर से दरवाजा बंद कर आग लगा दिया था। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि वृद्धा आश्रम के पास एक मकान में आग लगने से कुछ लोग अंदर फंसे है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों एवं आस पड़ोस के लोगों द्वारा आसपास संसाधनों, पानी आदि से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया तब तक घर के अंदर निवासरत 4 लोगों में जलने से बुरी तरह से झुलस गए थे। किसी तरह पड़ोसियों द्वारा दरवाजा खोलकर घर के अंदर से आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। चार लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए मिले। सभी को जिला अस्पताल बलौदा बाजार पहुंचाया गया पर इलाज के दौरान 60 वर्षीया वृद्धा कमला साहू पति संतोष साहू और उनके 28 वर्षीय पुत्र सोनू साहू पिता संतोष साहू निवासी वृद्धा आश्रम के पास भैंसापसरा बलौदाबाजार की मौत हो गई और दो बुरी तरह झुलस गए थे।


पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण एवं आसपास की निवासियों से पूछताछ में पता चला कि आग लगने की सूचना पाकर जब पड़ोसी आग बुझाने के लिए पहुंचे तब तक आग फैल चुकी थी। मामला संदिग्ध जान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने इस आगजनी की सच्चाई की पड़ताल करने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। इस टीम में एडिशनल एसपी हरीश यादव को मार्गदर्शन के लिए रखते हुए एसडीओपी बलौदा बाजार निधि नाग के नेतृत्व में निरीक्षक अमित तिवारी, उपनिरीक्षक एलएस राजपूत,सहायक उप निरीक्षक मलिक राम भारद्वाज प्रधान आरक्षक अंजोर मांझी, आरक्षक मोहन मिश्रा, यशवंत यादव, अकरम खान की टीम तैयार की गई।

टीम द्वारा आसपास क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ एवं जघन्य अग्निकांड का कारण हुआ इसमें शामिल आरोपियों की मंशा को समझने का प्रयास प्रारंभ किया गया। जिसके लिए रायपुर मुख्यालय से फॉरेंसिक की विशेष टीम बुलवाई गई साथ ही सायबर  सेल के निरीक्षक लखेश केंवट,  आरक्षक हेमंत नायक को जांच के लिए विशेष रूप से एसएसपी सदानंद कुमार ने भेजा।  लखेश केंवट की टीम द्वारा  सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल आदि का तकनीकी विश्लेषण के अलावा मुखबिरी के माध्यम से भी घटना के कारणों का मोटो तलाशती रही। सुक्ष्म सुरागों पे ध्यान केंद्रित करने से यह तथ्य सामने आया कि किसी स्थानीय व जानकार आदमी द्वारा ही घटना कारित की गई है। तब पुलिस की टीम मोहल्ले में ही संदिग्ध की तलाश में जुट गई।

सभी तथ्यों को बारीकियां से खंगालने पर पता चला कि मृत्यु के पड़ोस में ही रहने वाले करण बघेल एवं दौलत सोनवानी  को पकड़ा गया। दोनों आरोपी आदतन शराबी व झगड़ालू प्रवृत्ति के बदमाश है। दोनों से पूछताछ करने पर पहले दोनों मुकरते रहे फिर सख्ती से पूछताछ करने पर वारदात करना कबूल कर लिया।

घर के बाहर शराब पीने से मना करने व घेरे की साड़ी फाड़ने का विरोध करने पर दिया वारदात को अंजाम:–

जांच में पता चला कि मृतक परिवार द्वारा अपने घर के सामने झिल्ली आदि से परछी बनाया गया था तथा साथ ही सामने साड़ी रस्सी से घेर दिया गया था। आरोपियों के द्वारा इस घेरे में लगे साड़ी को फाड़ दिया जाता था। जिससे मृतिका कमला साहू द्वारा बार-बार मना करती थी। घटना दिनांक यानी 24 फरवरी की शाम को भी परछी में लगे साड़ी एवं रस्सी को आरोपियों द्वारा फाड़ दिया गया था। जिसे मना करने पर  कमला साहू का दोनों आरोपियों से विवाद हुआ था। जिस पर कमला व उसके परिवार को सबक सिखाने की योजना बना आरोपियों द्वारा उसी रात को घर में बाहर दरवाजे को बाहर से बंद कर आग लगा दिया गया। झिल्ली, लकड़ी आदि से बने परछी एवं एक कमरे के खपरैल के मकान में आग तेजी से फैली और दरवाजा बाहर से बंद होने की वजह से लोगों को बाहर निकलने और मदद के लिए बुलाने का मौका भी नहीं मिला।

मायके आई बेटी और नातिन भी झुलसी:–
जब घटना हुई तब मृतिका कमला साहू की विवाहित बेटी रानू साहू ( 34) और उसकी दस वर्षीया बेटी संध्या साहू भी अपने मायके आई थी। वे भी बुरी तरह झुलस गई। हादसे में 60 वर्षीया कमला साहू पति संतोष साहू व उसका 28 वर्षीय बेटा सोनू साहू पिता संतोष साहू की जलने से मौत हो गई।

कई धाराओं में अपराध दर्ज, आरोपी गिरफ्तार:–

मामले में सिटी कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास, हत्या, आगजनी, आपराधिक षड्यंत्र के मामले में धारा 302 307 436 442 120 (बी )भादवि के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों 23 वर्षीय करन बघेल उर्फ भूखऊ पिता उमेंदी बघेल  और 26 वर्षीय दौलत सोनवानी पिता आनंद सोनवानी  दोनो निवासी भैंसापसरा बलौदाबाजार को गिरफ्तार कर लिया है।

error: Content is protected !!