


डेस्क खबर ../ सड़क पर वाहन जांच चल रही थी, वाहन रुक रहे थे, पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर थे… लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को सवालों के घेरे में ला दिया है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बिना चालान रसीद दिए बिना वसूली के नाम से कैश कलेक्शन किया जा रहा है ।सूरजपुर जिले के रेवटी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा यह कथित वीडियो पुलिसकर्मियों को वाहन चालकों से नकद राशि लेते हुए दिखाता है, जबकि चालान या रसीद कहीं नजर नहीं आ रही। इस वीडियो की बातचीत से प्रतीत होता लग रहा है कि पैसा लेते नजर आ रहे पुलिसकर्मी को शक हुआ कि पूरी कार्यवाही का वीडियो बनाया जा रहा है तब से मोबाइल की रिकार्डिंग बंद हो गई है ।
वीडियो सामने आते ही लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि आखिर यह वैधानिक कार्रवाई थी या फिर कुछ और? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर विभाग से लेकर क्षेत्र में चर्चा का दौर चल रहा है ।यातायात नियमों के तहत चालान की स्पष्ट प्रक्रिया निर्धारित है, जिसमें रसीद और दस्तावेजी कार्रवाई जरूरी होती है। ऐसे में बिना चालान राशि लेने के आरोपों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही पुलिस विभाग की ओर से कोई बयान जारी किया गया है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले की अधिकारी कब तक स्वत संज्ञान लेते है और कब इस वीडियो का असल सच सामने आ पाता है।