



डेस्क खबर छत्तीसगढ़ दशहरे के अवसर पर रावण दहन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। धमतरी नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में रावण दहन के बीच अचानक आग की लपटों ने हनुमान समेत तीन किरदारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में तीनों कलाकार झुलस गए। वहीं, हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। इस दौरान घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें आग लगने के कारण कहा कलाकार अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागते नजर आए जिसके चलते आयोजन स्थल में अफरा तफरी मच गई और लोगों ने किसी तरह आग बुझा कर घायलो को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के मुताबिक, गांव में रावण दहन का आयोजन किया जा रहा था। इस दौरान माहौल उत्साह और उल्लास से भरा हुआ था। तभी अचानक आग की लपटों की चपेट में आने से तीन कलाकार झुलस गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हेमंत ध्रुव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
खुशियों के माहौल में मची चीख-पुकार
रावण दहन के दौरान हुए इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना ने आयोजन के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह और हादसे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
रावण दहन जैसे सार्वजनिक आयोजनों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम बेहद जरूरी हैं, ताकि उत्सव के दौरान किसी की जान जोखिम में न पड़े।
