डेस्क खबर

कुसमी में 45 फीट ऊंचे रावण का दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा हाईस्कूल मैदान

तीनों दुर्गा पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन, ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमे श्रद्धालु



राहुल गुप्ता |

डेस्क खबर कुसमी | बलरामपुर/ कुसमी नगर में विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हाईस्कूल मैदान में 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। वहीं, देर शाम नगर के तीन प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों की प्रतिमाओं को एक साथ विसर्जन के लिए ले जाया गया। रावण दहन से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक पूरा नगर उत्सव के रंग में डूबा रहा।

हाईस्कूल मैदान में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी जुटे। आतिशबाजी के बीच रावण के पुतले में आग लगते ही मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस आयोजन को देखने के लिए बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।



बाजे-गाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा

रावण दहन के बाद दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हुईं। दुर्गा बाड़ी, बस स्टैंड और सामरी रोड स्थित दुर्गा पूजा पंडालों की प्रतिमाओं को एक साथ नगर भ्रमण कराया गया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच निकली विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। माता के जयकारों और गुलाल के बीच यात्रा आगे बढ़ती रही। जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी।



सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद

विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही नगर में नौ दिनों तक चले शारदीय नवरात्रि उत्सव का समापन हो गया।

error: Content is protected !!