



डेस्क खबर कोरबा./ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रावण दहन के बाद एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार के पास आपसी विवाद के दौरान हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।

जानकारी के अनुसार, मुड़ापार बाजार के समीप रावण दहन मैदान के पीछे स्थित बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से करीब आधा दर्जन वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की हत्या की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सघन तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। वहीं, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
