उपमुख्यमंत्री अरुण साव कल बलरामपुर प्रवास पर, जिले को मिलेगी 121 करोड़ की विकास सौगात
49 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और भूमिपूजन, पेयजल, सड़क-पुल, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल




राहुल गुप्ता
डेस्क खबर /बलरामपुर। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव 8 अक्टूबर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जिलेवासियों को 121 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। इनमें 93 करोड़ 4 लाख रुपये के 41 कार्यों का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 30 लाख रुपये के 8 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पित होने वाले कार्यों में पेयजल व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से 66 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से 35 जल प्रदाय योजनाएं पूरी की गई हैं। इन योजनाओं से कुसमी, राजपुर, शंकरगढ़, बलरामपुर, रामचन्द्रपुर और वाड्रफनगर विकासखंड के गांवों में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होगी।

वहीं 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से गलफुल्ला, सुखरी पांगन और छोटी पांगन नदियों पर निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में बारहमासी आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
इसके अलावा 75 लाख रुपये की लागत से अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन तथा 95 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका बलरामपुर में निर्मित 23 व्यावसायिक दुकानों का भी लोकार्पण होगा।
चार नदियों पर बनेंगे उच्चस्तरीय पुल
शिलान्यास कार्यों में इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर 18 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार उच्चस्तरीय पुल प्रमुख हैं। इसके साथ ही राजपुर विकासखंड में 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 4 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजपुर के नए भवन की आधारशिला रखी जाएगी।
नगर पालिका बलरामपुर में 3 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और 35 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण का भी शिलान्यास किया जाएगा।
इन विकास कार्यों से जिले में पेयजल, सड़क-पुल संपर्क, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विभागीय समीक्षा बैठक के बाद फुटबॉल टूर्नामेंट में होंगे शामिल
प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव रामानुजगंज विश्रामगृह में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।
