डेस्क खबरबिलासपुर

आइडिया टावर के टॉप पर चढ़ी महिला, घंटों  से चल रहा हाईवोल्टेज ड्रामा..
स्टंट देखने उमड़ी सैकड़ों की भीड़, यातायात भी हुआ प्रभावित..



वरिष्ठ पत्रकार दिलीप तोलानी की कलम से

डेस्क खबर बिलासपुर. तखतपुर नगर के मध्य स्थित आइडिया टावर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब करीब 25-30 वर्ष की एक महिला अचानक टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते महिला करीब 50 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई और बाद में टावर के टॉप पर जाकर खड़ी हो गई।
महिला को टावर पर चढ़ते देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। हालांकि, महिला नीचे आने के बजाय लगातार ऊपर चढ़ती चली गई और टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में पहुंच गई। वहां वह काफी ऊंचाई पर खड़ी होकर अलग-अलग तरह की गतिविधियां करती नजर आई।


महिला इतनी ऊंचाई पर पहुंच गई थी कि नीचे मौजूद लोगों में उसके गिरने की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई। पुलिस और आसपास के लोग उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। महिला टावर पर क्यों चढ़ी और उसका उद्देश्य क्या था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।


घटना के कारण मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे और लोग अपने मोबाइल से पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करते नजर आए। फिलहाल महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और टावर जैसे ऊंचे ढांचों तक आम लोगों की पहुंच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!