पंडरिया प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, थाना में शिकायत दर्ज, सुरक्षा की मांग…पत्रकारों में आक्रोश की लहर

डेस्क खबर पंडरिया../ पंडरिया में पत्रकारों को खुलेआम धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से पत्रकार जगत में भारी आक्रोश है।
पीड़ित पत्रकार नरेन्द्र तिवारी (नंदकिशोर तिवारी) अमृत संदेश एवं कलयुग का भारत के पत्रकार और प्रेस क्लब पंडरिया के कोषाध्यक्ष हैं। उन्होंने थाना प्रभारी पंडरिया को लिखित शिकायत देकर बंटी ठाकुर के विरुद्ध कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
*क्या है पूरा मामला?*
शिकायत के अनुसार 10 सितंबर 2026 की रात पत्रकार नरेंद्र तिवारी महामाया मंदिर दर्शन के लिए गए थे। वहां सुमित तिवारी, बाबा तिवारी सहित 2-3 लोग राजनीतिक चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान मोनू तिवारी और बंटी ठाकुर वहां पहुंचे।
बातचीत के दौरान तालाब पाटे जाने का मुद्दा उठा। बंटी ठाकुर ने कहा कि तालाब पाटने की खबरें अखबार में छप रही हैं और इसे सुमित तिवारी पटवा रहा है। इस पर पत्रकार तिवारी ने कहा कि मैं किसी भी के द्वारा तालाब पाटने का विरोध करूंगा।

इतना कहते ही बंटी ठाकुर आग-बबूला हो गया और पंडरिया के सभी प्रेस वालों को अपशब्द कहते हुए मां-बहन की गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गया। आरोप है कि उसने धमकी दी इसके बाद फिर कभी खबर छापी तो जान से मार देंगे, जहां मिलोगे वहीं मारेंगे।
मौके पर मौजूद मोनू तिवारी ने बीच-बचाव कर उसे समझाया, फिर भी धमकाना जारी रखा।
पीड़ित के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। लगभग दो माह पूर्व भी महामाया मंदिर के पास ही बंटी ठाकुर ने उनके साथ अभद्रता की थी, उस समय भी मोनू तिवारी मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में इस तरह की हरकतें करता है।
*पत्रकार ने जताया जान का खतरा*
पीड़ित पत्रकार ने कहा है कि क्षेत्र की जनसमस्याओं और सच्चाई को उजागर करने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें और उनके परिवार को गंभीर खतरा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना भय के पत्रकारिता कर सकें।
पत्रकार ने स्पष्ट कहा है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
*प्रेस क्लब में आक्रोश*
घटना की जानकारी मिलते ही पंडरिया प्रेस क्लब में रोष व्याप्त है। पत्रकार साथियों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए सर्वथा निंदनीय करार दिया है और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
