
वरिष्ठ पत्रकार दिलीप तोलानी की कलम से
डेस्क खबर बिलासपुर ..जिले के कोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा और पीपरखुंटी के बीच धनहाखार से दवनपुर की ओर जाने वाले क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 7 बजे शेर के हमले से हड़कंप मच गया। खेत में खाद डाल रहे दवनपुर निवासी संजू पर अचानक शेर ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेर ने किसान पर पंजे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जान बचाने के लिए किसान ने हिम्मत नहीं हारी और खेती में इस्तेमाल होने वाले रापा से शेर पर पलटवार कर दिया। किसान की बहादुरी और साहस के सामने शेर पीछे हट गया और मौके से भाग निकला।
घायल अवस्था में किसी तरह गांव पहुंचे संजू ने ग्रामीणों को पूरी घटना बताई। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शेर की मौजूदगी तथा उसके मूवमेंट के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग को आशंका है कि किसान के पलटवार में शेर को भी चोट लगी हो सकती है। ऐसे में घायल होने की स्थिति में उसके और अधिक आक्रामक होने की आशंका से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग की सख्त अपील—सावधान रहें, जंगल की ओर न जाएं
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अकेले खेतों और जंगल की ओर नहीं जाने तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण शेर की दोबारा मौजूदगी को लेकर सतर्क हैं।



